5
(1)

नारायणपुर। भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार निवासी पवन कुमार, पिता विजय पोद्दार ने जीरोमाइल थाना, भागलपुर में दो लोगों के विरुद्ध मारपीट और लूटपाट का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसे साजिश के तहत बुलाकर बुरी तरह से घायल कर दिया गया और जान से मारने की कोशिश की गई।

पवन ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 10 बजे नयावास गनौल (भवानीपुर थाना) निवासी गौतम शर्मा, पिता अनिल शर्मा ने फोन कर भागलपुर के आर्क हॉस्पिटल बुलाया और कहा कि जेवरात का हिसाब कर लें। पवन अपने दोस्त आनंद के साथ अस्पताल पहुंचा, जहां गौतम अपने साले अनिल शर्मा (पिता धनेश्वर शर्मा, निवासी रानीताला, थाना जीरोमाइल) के साथ मौजूद था।

अस्पताल के सामने चाय पिलाने के बहाने दोनों पवन को अपने रानीताला स्थित डेरा पर ले गए। वहां खाना खिलाने की बात कहकर पहले 1600 रुपये स्कैनर के माध्यम से मंगवाया और फिर कोका कोला में शराब मिलाकर पिलाने का प्रयास किया। पवन ने जब मना किया तो दोनों ने उसे कमरे में बंद कर बुरी तरह पीटा।

पवन ने किसी तरह दरवाजा खोलकर भागने की कोशिश की, लेकिन गौतम ने पीछा कर सड़क पर पकड़ लिया और वहीं उसे बेरहमी से पीटा। इस दौरान पीड़ित के गले से एक भर की सोने की चेन, डेढ़ भर का अन्य सोने का सामान और 5000 रुपये नकद लूट लिए गए। शोर सुनकर जब तक लोग पहुंचे, तब तक दोनों आरोपित पवन को धक्का देकर सड़क पर फेंक दिए, जहां वह एक ट्रक की चपेट में आ गया।

इस हादसे में पवन का दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया। घायल अवस्था में पवन पास की गली में छिपकर अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर लाया गया।

पीड़ित ने बताया कि जेवरात के लेन-देन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। तीन महीने पहले भी मधुरापुर बाजार स्थित दुकान में गौतम ने मारपीट की थी, जिस पर भवानीपुर थाना में आवेदन दिया गया था और नवगछिया पुलिस अधीक्षक को भी इसकी जानकारी दी गई थी।

इस मामले में अब जीरोमाइल थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ साजिश के तहत हत्या के प्रयास, लूट और धमकी देने की शिकायत की है।

जीरोमाइल थानाध्यक्ष, पुनि मुरलीधर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़ित का मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। आवेदन के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: