



भागलपुर। जीरोमाइल थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीतलाब में बीते 2 जुलाई 2025 की रात करीब 10 बजे एक ज्वेलरी दुकानदार को हिसाब के नाम पर बुलाकर मारपीट और लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीड़ित दुकानदार भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार निवासी पवन कुमार, पिता विजय पोद्दार ने इस संबंध में जीरोमाइल थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

पवन कुमार ने अपने फर्द बयान में बताया कि उन्हें नयावास गनौल निवासी गौतम शर्मा (पिता स्वर्गीय अनिल शर्मा) और रानीतलाब निवासी अनिल शर्मा (पिता धनेश्वर शर्मा) ने हिसाब करने के बहाने रानीतलाब बुलाया था। वहां पहुंचने पर दोनों ने पहले कोका कोला में शराब मिलाकर पिलाने की कोशिश की। जब पवन ने शराब पीने से इनकार कर दिया, तो दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के बाद पवन को गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर एक ट्रक के सामने फेंक दिया गया। इस हमले में पवन का दायां पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया। फिलहाल पवन कुमार मायागंज अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद से आरोपी गौतम शर्मा अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसके परिजनों को केस वापस लेने के लिए डरा-धमका रहे हैं।
इस मामले में जीरोमाइल थाना प्रभारी मुरलीधर कुमार ने बताया कि पीड़ित के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच आईओ शशि कुमार को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांचोपरांत दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।














