4.8
(5)

नवगछिया:
पुलिस जिला नवगछिया की टीम ने प्रेम प्रसंग से जुड़े दोहरे हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले में संलिप्त पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी तथा अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 मार्च 2026 को नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरी जीरो माइल के समीप एक व्यक्ति के गोली लगने से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वर्तमान में घायल का इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि घायल अजय कुमार खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र का निवासी है। वह अपने मित्र गुलशन कुमार और नीरज कुमार के साथ होली के अवसर पर परबत्ता थाना क्षेत्र के बोरवा गांव में गुलशन के रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। इसी दौरान अपराधियों ने अजय कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया तथा उसके दोनों मित्रों की हत्या कर दी। दोनों मृतकों का शव बुधवार सुबह नवगछिया थाना क्षेत्र से बरामद किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया के पुलिस अधीक्षक तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए।

मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसमें नवगछिया, गोपालपुर और परबत्ता थाना के थानाध्यक्षों के साथ डीआईयू टीम को शामिल किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त पांच अभियुक्तों—नीतीश कुमार, अखिलेश उर्फ रूबल, संजो देवी, देवो मंडल और विजय मंडल—को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घायल अजय कुमार का आरोपी नीतीश कुमार की बहन के साथ प्रेम संबंध था। घटना के दिन अजय कुमार उक्त महिला के साथ उसके घर में अकेला था, जबकि उसके दोनों मित्र घर के बाहर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान महिला के परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई। परिजन आक्रोशित होकर वहां पहुंचे और अजय कुमार को महिला के साथ कमरे में पाया।

इसके बाद आरोपियों ने अजय कुमार और उसके दोनों साथियों को कलबलिया धार के समीप स्थित केले के बागान में ले जाकर गोली मार दी। इस दौरान अजय कुमार घायल अवस्था में किसी तरह वहां से भाग निकला, जबकि दोनों मृतकों के शव को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने सड़क किनारे फेंक दिया।

इस मामले में मृतक के परिजन के आवेदन के आधार पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 103/26 दर्ज कर लिया गया है और सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त:

  1. देवो मंडल, पिता–स्व. सत्यदेव मंडल, निवासी–बोरवा, थाना–परबत्ता, जिला–भागलपुर।
  2. संजो देवी, पति–देवो मंडल, निवासी–बोरवा, थाना–परबत्ता, जिला–भागलपुर।
  3. अखिलेश उर्फ रूबल, पिता–देवो मंडल, निवासी–बोरवा, थाना–परबत्ता, जिला–भागलपुर।
  4. नीतीश कुमार, पिता–देवो मंडल, निवासी–बोरवा, थाना–परबत्ता, जिला–भागलपुर।
  5. विजय मंडल, पिता–छंगूरी मंडल, निवासी–गोसाईं गांव, थाना–गोपालपुर, जिला–भागलपुर।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.8 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: