



पटना के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे बच्चों की मुफ्त जांच
भागलपुर। बच्चों में हृदय रोग की समय पर पहचान और उपचार को लेकर भागलपुर में निःशुल्क बाल हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसको लेकर आईएमए हॉल, भागलपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। यह शिविर रविवार, 22 फरवरी 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आईएमए हॉल भागलपुर में लगेगा।

शिविर का आयोजन जय प्रभा मेदान्ता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पटना, आईएपी (IAP) भागलपुर, जीवन जागृति सोसायटी, रोटरी भागलपुर एवं आरबीएसके के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। शिविर में मेदान्ता पटना के विशेषज्ञ डॉक्टर बच्चों के हृदय रोग की निःशुल्क जांच करेंगे।
जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने बताया कि बच्चों में हृदय रोग की समय पर जांच नहीं होने से समस्या गंभीर हो जाती है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों की बीमारी की सही समय पर पहचान कर उचित परामर्श देना है।
आईएपी के कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि यदि बच्चों में बार-बार सर्दी-खांसी, सांस लेने में दिक्कत, होंठ या शरीर का नीला पड़ना, जल्दी थक जाना, वजन न बढ़ना, अत्यधिक पसीना आना, सीने में दर्द या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत जांच करानी चाहिए।

डॉ. अनमोल आनंद ने बताया कि जिन बच्चों को पहले से हृदय रोग है, वे शिविर में आते समय अपने सभी मेडिकल दस्तावेज, इको रिपोर्ट, डॉक्टर की पर्ची, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं आय प्रमाण पत्र अवश्य साथ लाएं।
जीवन जागृति सोसायटी के सचिव सोमेश यादव ने बताया कि शिविर में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया जा सकता है। इसके लिए 7549738184 एवं 9386115784 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।













