


भागलपुर के ईशाकचक थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप और टैबलेट बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों की बरामदगी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ईशाकचक थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित दिलकश रमीज के घर में बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर उसकी अवैध खरीद-फरोख्त की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में तथा डीआईयू टीम और नगर-01 पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जब उक्त स्थान पर छापेमारी की तो घर में मौजूद एक व्यक्ति पुलिस को देखते ही भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. फरहान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 8040 पीस कोडीन युक्त सिरप तथा 21,000 टेन टैबलेट बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं बताया जा रहा है कि दिलकश रमीज का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।















