



भागलपुर। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत जीविका द्वारा जगदीशपुर दुर्गा मंदिर के प्रांगण में रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें सही करियर मार्गदर्शन देना रहा।

आयोजकों ने बताया कि जिले में इस प्रकार का रोजगार मेला प्रत्येक वर्ष चार बार आयोजित किया जाता है, जिसमें यह वर्ष का दूसरा मेला था। मेले में कुल 16 निजी कंपनियों ने भाग लिया। सभी कंपनियां निजी क्षेत्र से जुड़ी थीं, जिन्होंने युवाओं के लिए विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर प्रस्तुत किए।

रोजगार मेले के दौरान सिक्योरिटी गार्ड सहित कई अन्य पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण युवा मेला स्थल पर पहुंचे और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर नौकरी से संबंधित जानकारी प्राप्त की। युवाओं में रोजगार को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के रोजगार सह मार्गदर्शन मेले ग्रामीण युवाओं के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। इससे उन्हें न केवल रोजगार के अवसर मिलते हैं, बल्कि अपने भविष्य की दिशा तय करने में भी मार्गदर्शन प्राप्त होता है।

इस अवसर पर रोजगार भागलपुर के प्रबंधक मुमताज आलम ने बताया कि जीविका और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके। वहीं सहायक रोजगार पदाधिकारी परनव प्रकाश ने कहा कि आगे भी ऐसे आयोजन कर युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा।












