0
(0)

भागलपुर : समस्तीपुर सिविल कोर्ट में पदस्थापित न्यायिक दंडाधिकारी संतोष कुमार शाह की पत्नी वंदना कुमारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वंदना कुमारी ने अपने भैसुर समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। यह घटना गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी ग्राम के समीप हुई।

पीड़िता वंदना कुमारी ने बताया कि उनका मायका कहलगांव में है और वर्ष 2019 में उनकी शादी गोड्डा जिले के हनवारा निवासी संतोष कुमार शाह से हुई थी। उस समय उनके पति भागलपुर में कोचिंग चलाते थे। इसी दौरान उनके पति का एक युवती से अवैध संबंध हो गया। बाद में संतोष कुमार शाह का चयन न्यायिक सेवा में हो गया और पहली पोस्टिंग बिक्रमगंज में हुई। वर्तमान में वे समस्तीपुर में न्यायिक दंडाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

वंदना कुमारी का आरोप है कि नौकरी लगने के बाद उनके ससुराल वालों ने 15 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी और उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके चलते पति-पत्नी के संबंधों में लगातार तनाव बढ़ता गया और अंततः वह अपने मायके चली आईं। वंदना के अनुसार, उनके पति ने साफ शब्दों में कह दिया था कि अब वे उन्हें अपने साथ नहीं रख सकते। इसके बाद वर्ष 2021 से गोड्डा न्यायालय में तलाक का मामला चल रहा है। वहीं, वंदना कुमारी ने भरण-पोषण के लिए भी न्यायालय में याचिका दायर कर रखी है।

पीड़िता ने बताया कि जब वह कोर्ट की तारीख पर गोड्डा गई हुई थीं और लौट रही थीं, उसी दौरान उनके भैसुर सुबोध शाह दो से तीन अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंचे। गोड्डा कोर्ट से कुछ दूरी पर पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधी ग्राम के पास पीछे से उन पर दो गोलियां चलाई गईं। एक गोली उनकी पीठ में लगी, जबकि दूसरी गोली मुंह के पास से निकल गई। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।

इधर, वंदना कुमारी की मां उर्मिला देवी ने भी ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पति किसान हैं और उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल वालों ने 15 लाख रुपये की मांग की थी और मांग पूरी नहीं होने पर तलाक देने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या करने की नीयत से ससुराल पक्ष ने गोली चलवाई है।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: