5
(1)

नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और बाद में अपहरण का झूठा प्राथमिकी दर्ज कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित अमित कुमार साह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री, जिला पदाधिकारी भागलपुर, आयुक्त (कमिश्नर) भागलपुर, एसपी भागलपुर, नवगछिया एसडीपीओ और नवगछिया थाना को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

अमित कुमार साह ने बताया कि वह ढोधिया, खरीक के निवासी हैं और उनके पिता का नाम भूसी साह है। उन्होंने 11 अगस्त 2023 को कोरचक्का, नवगछिया निवासी सरकारी शिक्षिका विभा सिंह (पति—विमलेंदु बिमल) से मोजा तेतरी-39, खाता संख्या 959, खसरा 1602, रकबा 22.89 डिसमिल जमीन को 32 लाख 55 हजार रुपये में खरीदने का एग्रीमेंट किया था। इस दौरान अग्रिम राशि के रूप में 5 लाख 11 हजार रुपये का भुगतान किया गया।

पीड़ित ने बताया कि तय समय पर शेष राशि लेकर रजिस्ट्री कराने पहुंचे तो विक्रेता के पति विमलेंदु बिमल ने जमीन का रेट बढ़ने का हवाला देकर रजिस्ट्री से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने नवगछिया थाना में लिखित शिकायत दी, जिसकी जांच एसआई सुरेंद्र प्रसाद सिंह द्वारा की गई। जांच के दौरान आपसी सहमति बनी कि पहले बकाया राशि बैंक खाते में जमा की जाएगी, उसके बाद जमीन की रजिस्ट्री की जाएगी।

अमित कुमार साह का आरोप है कि सहमति के अनुसार उन्होंने अपने और सहयोगी के बैंक खातों के माध्यम से दो माह के भीतर 21 लाख रुपये का भुगतान किया, जबकि शेष राशि नगद विक्रेता के आवास पर दी गई। इसके बावजूद जब स्टांप पर लिखने और रजिस्ट्री की बात आई, तो विमलेंदु बिमल ने इंकार कर दिया और रुपये या रजिस्ट्री की मांग करने पर दुष्कर्म व छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। धमकी से भयभीत होकर पीड़ित और उनके सहयोगी जितेंद्र वर्मा वहां से लौट आए।

पीड़ित ने बताया कि बीते दो वर्षों से बार-बार आग्रह करने के बावजूद न तो रुपये लौटाए गए और न ही जमीन की रजिस्ट्री की गई। आरोप है कि 17 दिसंबर 2025 को साजिश के तहत उनके सहयोगी जितेंद्र वर्मा पर अपहरण का झूठा प्राथमिकी दर्ज करा दी गई।

अमित कुमार साह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, ठगी की राशि की वापसी अथवा जमीन की रजिस्ट्री कराने और झूठे मुकदमे से मुक्ति दिलाने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: