


भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत कुजबन्ना गांव में होली से पूर्व जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें गांव के ही मो. मोकिम और उनका पुत्र जीशान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
घायल मो. मोकिम ने बताया कि इस मामले में उन्होंने पीरपैंती थाना में लगभग दर्जन भर लोगों को नामजद करते हुए लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि घटना की शुरुआत बकरी की पिटाई को लेकर हुई। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि मूल रूप से यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है।
मोकिम के अनुसार इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार थाना और अंचल स्तर पर समझौते की कोशिश हुई थी, लेकिन विपक्षी पक्ष द्वारा अधिकारियों के निर्णय को भी नजरअंदाज किया जाता रहा। उन्होंने बताया कि घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जिसमें मारपीट की पूरी घटना कैद है।
घायल मोकिम ने स्थानीय थाना पर भी सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि थाना के कुछ अधिकारी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर रहे हैं। उन्होंने मामले में उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।















