



नवगछिया पुलिस जिले के रंगरा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 मार्च 2026 को वादी मृत्युंजय कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर जमीनी विवाद को लेकर ग्रामीण शशिधर सिंह एवं अन्य 7-8 व्यक्तियों के विरुद्ध गाली-गलौज एवं मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करने का आरोप लगाया गया। इस संबंध में रंगरा थाना कांड संख्या-53/26 दिनांक-01.03.26 के तहत धारा 126(2)/115(2)/109/303(2)/351(2)(3)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।

कांड के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शशिधर सिंह, बजरंगी सिंह एवं सुबोध सिंह, तीनों पिता स्वर्गीय धनी सिंह, निवासी मुरली, थाना रंगरा, जिला भागलपुर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
















