



भागलपुर: जमुई जिले के मत्स्य विभाग के दो अधिकारियों को घूस लेते हुए निगरानी विभाग ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारियों में विकास पदाधिकारी राजीव कुमार और जिला मत्स्य प्रसार पदाधिकारी अभय कुमार शामिल हैं। यह घटना लक्ष्मीपुर प्रखंड के भेलवा मोहनपुर गांव की है, जहां के निवासी तुलसी यादव ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।

तुलसी यादव ने बताया कि मछली पालन योजना के तहत मिलने वाली सरकारी अनुदान राशि के लिए इन अधिकारियों ने उनसे डेढ़ लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और दोनों अधिकारियों को ₹50,000 की पहली किस्त लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

इस ऑपरेशन की जानकारी निगरानी विभाग के डीएसपी सत्येंद्र कुमार राम ने दी। गिरफ्तारी के बाद दोनों अधिकारियों को भागलपुर स्थित निगरानी कोर्ट में पेश किया गया, जहां उनकी जांच की जाएगी। इस कार्रवाई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की तत्परता और प्रतिबद्धता को साफ किया है।













