



नवगछिया : 153 गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से जनसुराज पार्टी ने अपने उम्मीदवार के रूप में नवगछिया के पूर्व प्रमुख और गोपालपुर प्रखंड के डुमरिया चपरघट पंचायत के मुखिया मानकेश्वर सिंह उर्फ मंटू सिंह को मैदान में उतारा है। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मंटू सिंह ने इसकी औपचारिक घोषणा की।
उन्होंने कहा कि वे जनसुराज पार्टी की विचारधारा से प्रभावित हैं और जनता की सेवा के उद्देश्य से राजनीति में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। मंटू सिंह ने कहा कि गोपालपुर क्षेत्र की जनता लंबे समय से विकास से वंचित है। यहाँ की सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के रोजगार के लिए ठोस पहल की जरूरत है।

मंटू सिंह ने कहा, “हम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और समाधान के लिए जनसुराज पार्टी के माध्यम से सशक्त आवाज उठाएंगे। हमारा लक्ष्य जाति या वर्ग के आधार पर नहीं, बल्कि विकास और सुशासन के आधार पर राजनीति करना है।”

उन्होंने यह भी कहा कि अगर जनता ने उन्हें मौका दिया, तो गोपालपुर को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करेंगे। मंटू सिंह ने बताया कि वे जनसुराज पार्टी के नेतृत्व में बिहार में नई राजनीतिक सोच और पारदर्शिता की शुरुआत का हिस्सा बनने पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे जिन्होंने मंटू सिंह को जीत का आशीर्वाद दिया और गोपालपुर विधानसभा में जनसुराज की लहर लाने का संकल्प दोहराया।
















