



भागलपुर। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक इ. शैलेंद्र ने गुरुवार को बिहपुर प्रखंड के झंडापुर और औलियाबाद पंचायत के सभी बूथों पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को साझा किया।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता आज संविधान की दुहाई देते हुए उसे सर्वोपरि बताते हैं, जबकि यही कांग्रेस, विशेषकर तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने 50 वर्ष पूर्व 25 जून 1975 को आपातकाल लगाकर संविधान की आत्मा को कुचल दिया था। उन्होंने कहा कि 21 महीने चला वह आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे काला अध्याय था, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से पूछा कि वे इस ‘पापकर्म’ को कब स्वीकार करेंगे।

विधायक शैलेंद्र ने भाजपा कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों, “मन की बात” प्रभारी और अन्य सांगठनिक पदाधिकारियों को पार्टी नेतृत्व द्वारा दिए गए निर्देशों से अवगत कराते हुए उन्हें धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
झंडापुर पंचायत के काली कबूतरा स्थान के पास आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री रूपेश रूप, मंडल अध्यक्ष ब्रजेश चौधरी, मृत्युंजय पाठक, गंगा साह, राहुल कुमार, सुरेंद्र पासवान, अमरजीत, संतोष, प्रीतम सहित अनेक स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।














