



नवगछिया : जिलाधिकारी भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को नवगछिया के मकंदपुर के पास बन रहे रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह पुल लगभग 41 करोड़ रुपये की लागत से 882 मीटर लंबाई (पहुंच पथ सहित) में बन रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि पुल निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में है और इस संबंध में पुल निर्माण निगम के अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नवगछिया जीरो माइल से पूर्णिया की ओर जाने वाली सड़क के किनारे, पुलिस लाइन के पास प्रस्तावित खेल अवसंरचना एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए चयनित स्थल का भी जायजा लिया। यह परिसर लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से दो एकड़ भूमि पर बनाया जाना प्रस्तावित है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान नवगछिया में एक आधुनिक खेल अवसंरचना एवं स्टेडियम निर्माण की घोषणा की थी। इसी के तहत उक्त स्थल का चयन किया गया है।
निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी ने नवगछिया पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार सहित कई संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।













