



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की दिशा में भागलपुर जिला प्रशासन पूरी तत्परता से तैयारी में जुटा हुआ है। इसी क्रम में रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी भागलपुर, डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर, हृदय कांत ने आई ट्रिपल सी (I Triple C) में बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि मतदान के दिन जिले के सभी मतदान केंद्रों की गतिविधियों की सीधी निगरानी इसी कंट्रोल रूम से की जाएगी। यहां लगे स्क्रीन पर प्रत्येक मतदान केंद्र के लाइव फुटेज देखे जा सकेंगे, जिससे किसी भी अनियमितता या अव्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार सहित कई अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने कहा कि तकनीकी निगरानी से चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
















