



भागलपुर । भागलपुर के समीक्षा भवन में सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी और चल रहे राजस्व महा अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि 30 अगस्त तक सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं (एएमएफ) सुनिश्चित कर ली जाएं। इसमें मानक के अनुसार रैंप, बिजली, पेयजल, महिला एवं पुरुष शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था शामिल है। उन्होंने विशेष रूप से डीपीओ आईसीडीएस को निर्देश दिया कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर मतदान केंद्र बनाए गए हैं, वहां भी 30 अगस्त तक सभी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं।

जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आदेश दिया कि वैसे सभी विद्यालयों में, जहां मतदान केंद्र बनाए गए हैं, शौचालयों की सफाई और मरम्मत कराकर उन्हें दुरुस्त किया जाए। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर नाम, केंद्र संख्या तथा पुरुष, महिला और अन्य मतदाताओं की संख्या स्पष्ट रूप से अंकित कराई जाए। पीएचइडी विभाग को निर्देशित किया गया कि वे सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था अपने जूनियर इंजीनियर के माध्यम से सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को यह भी कहा कि जिन मतदान केंद्रों तक पहुंच पथ नहीं है या खराब हो गया है, उन्हें संबंधित एजेंसी से तुरंत बनवा लिया जाए। सीएपीएफ के ठहराव स्थल को भी दुरुस्त करने का आदेश दिया गया। साथ ही सेक्टर पदाधिकारियों की टैगिंग और जिले में उनकी पदस्थापना का सत्यापन करने का भी निर्देश दिया गया।

एसआईआर को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि अब केवल बहुत कम प्रविष्टियां शेष हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाए। वहीं राजस्व महा अभियान के लिए उन्होंने राजस्व कर्मियों को पंजी संधारित करने और नजरी नक्शा तैयार करने का आदेश दिया। इसके सत्यापन के लिए वार्ड सदस्य, आशा और जीविका दीदियों को भी लगाया जाए ताकि नक्शा सही तरीके से तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 1576 मौजा हैं, जिन पर काम पूरा करना है।
बैठक में जिलाधिकारी ने बारी-बारी से तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों, भूमि सुधार उपसमाहर्ता और कई प्रखंड विकास पदाधिकारियों से फीडबैक लिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) महेश्वर प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।













