



भागलपुर। कहलगांव थाना क्षेत्र के मोतियानी गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध राजदेव मंडल की मौत हो गई। वे खेत से मूंग तोड़कर अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल राजदेव मंडल को परिजनों ने तत्काल कहलगांव अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज रेफर कर दिया।

लेकिन रास्ते में पक्की सराय के पास ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मायागंज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घटना की पुष्टि मृतक के पुत्र मुकेश कुमार ने की। उन्होंने बताया कि उनके पिता खेत से लौट रहे थे और अचानक यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसा हमडंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।













