



नवगछिया । बिहार सरकार की मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नवगछिया में एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मेडिकल ऑफिसर इन चार्ज (MOIC), स्कूल प्रबंधन समिति (SMC), प्रधानाचार्य, ब्लॉक हेल्थ मैनेजर (BHM), ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (BMC), PCI संस्था एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) टीम की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों और एएनएम की उपस्थिति रही। 9 से 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी का निःशुल्क टीका लगाया गया, जिससे सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा मिल सके। इस टीकाकरण अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को इस घातक बीमारी से समय रहते बचाना है।
टीकाकरण शिविर के साथ-साथ बालिकाओं का नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण, हीमोग्लोबिन जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों और शिक्षकों को एचपीवी संक्रमण, इसके दुष्प्रभाव और टीके के लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

विद्यालय की प्रधानाचार्या और शिक्षकों ने अभिभावकों से सहमति पत्र मंगाकर टीकाकरण में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से टीका दिया। कार्यक्रम के दौरान जागरूकता फैलाने के लिए पोस्टर, पंपलेट एवं संवाद सत्रों का भी आयोजन किया गया।
यह अभियान राज्यभर में चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है और इसका उद्देश्य है किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से समय रहते बचाना। नवगछिया क्षेत्र में इस अभियान की शुरुआत से स्थानीय लोगों में जागरूकता और स्वास्थ्य के प्रति विश्वास बढ़ा है।














