5
(1)

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी टीम सक्रिय

नवगछिया पुलिस जिला में रविवार को दिन के करीब 11 बजे बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने केला व्यवसायी से 18 लाख रूपए की छिनतई कर दी। यह घटना नवगछिया पुलिस जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र के यमुनिया में घटित हुई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी।

घटना की जानकारी मिलने पर परबत्ता थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार अपने दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित व्यवसायी मो. इश्तेखार पिता मरहूम शेख, जो यमुनिया पुवारी टोला के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में 18 लाख रूपए से भरा बैग लेकर एक केला किसान को भुगतान देने जा रहे थे।

इश्तेखार ने बताया कि जैसे ही उन्होंने सुशील यादव के घर के सामने अपनी बाइक खड़ी की और बैग उठाया, उसी समय उत्तर दिशा की ओर से अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधी तेज रफ्तार में उनके पास आए। बाइक पर पीछे बैठा अपराधी ने उन्हें हथियार दिखाकर बैग छीन लिया और दक्षिण दिशा की ओर यमुनिया 14 नंबर सड़क की ओर फरार हो गए।

इस घटना की जानकारी पाकर नवगछिया एसडीपीओ ओम प्रकाश, नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह, खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार, इस्माइलपुर थानाध्यक्ष धीरज कुमार और नवगछिया डीआईयू टीम घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत जांच में जुट गए। मौके से एक जिंदा गोली भी बरामद हुई है।

पीड़ित मो. इश्तेखार बताते हैं कि वह दूसरों के खेत बटाई पर लेकर केला की खेती करते हैं और साथ ही केला, आम और लीची फसल की खरीद-बिक्री का कारोबार भी करते हैं। उनके अनुसार किसानों का पैसा यदि नहीं मिला तो उनका सारा कारोबार बर्बाद हो सकता है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार अपराधियों को डोमासी यमुनिया 14 नंबर सड़क की ओर भागते हुए एक पंचायत के जनप्रतिनिधि ने देखा था।

नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ ओम प्रकाश के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन कर अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार इस मामले में विभिन्न जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

परबत्ता थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार ने बताया कि तहकीकात जारी है और जल्द ही आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: