


नवगछिया। बुधवार को नवगछिया बस स्टैंड के पास एसपी कोठी के सामने एक खड़ी स्कॉर्पियो में पीछे से आ रही सीएनजी टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में टेंपो में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीएनजी टेंपो जैसे ही एसपी कोठी के सामने पहुंची, चालक ने संतुलन खो दिया और सीधे सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में पीछे से जाकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से टेंपो में आगे की सीट पर बैठी महिला गिर पड़ी और बुरी तरह से घायल हो गई।
घायल महिला की पहचान किरन देवी के रूप में हुई है, जो तेतरी, जीरोमाइल, नवगछिया निवासी कनिक मलिक की पत्नी हैं। उन्हें तत्काल नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र में सीएनजी टेंपो चालकों की लापरवाही से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश भी देखा गया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई।













