


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र के गणेशपुर में रविवार को एक दुखद एवं रहस्यमय घटना सामने आई। मोहम्मद शमशाद आलम के 14 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इश्तियाक आलम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बालक की मौत स्मैक और सॉल्यूशन जैसे नशीले पदार्थों के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटनास्थल से नशे की हालत में मिली एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उक्त नाबालिक ने स्वीकार किया है कि वह मृतक के साथ नशा कर रही थी तथा उस समय वहां कुछ अन्य किशोर भी मौजूद थे।
ग्रामीणों के अनुसार यह घटना गांव से सटे लीची के बागान में दिन के लगभग चार बजे घटी। बताया जा रहा है कि उस समय बागान में चार से पांच किशोर मौजूद थे, जिन्हें मृतक का साथी बताया जा रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और कुछ लोग इसे हत्या की आशंका से भी जोड़कर देख रहे हैं।
ग्रामीण शनीफ अंसारी ने बताया कि मृतक मोहम्मद इश्तियाक आलम इंटर हाई स्कूल, खरीक बाजार में कक्षा दसवीं का छात्र था और इस वर्ष उसे मैट्रिक की परीक्षा देनी थी। परिवार में चार भाई और एक बहन हैं, जिनमें इश्तियाक सबसे छोटा था। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सभी संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।












