


भागलपुर : खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 को लेकर भागलपुर में तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। शहर के सैंडिश कंपाउंड मैदान में विशाल जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण जिला प्रशासन की देखरेख में तेजी से किया जा रहा है।
इस बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत भागलपुर को तीरंदाजी और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं की मेज़बानी का गौरव प्राप्त हुआ है। बैडमिंटन के मुकाबले शहर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। आयोजन में देशभर से आने वाले राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग लेंगे, जो भागलपुर के खेल इतिहास में एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा।

खेल विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय संस्थाएं इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने में जुटी हुई हैं। आयोजन से न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा, बल्कि इससे भागलपुर की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त होगी।

स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इस आयोजन के बाद भागलपुर में खेल संरचना और संसाधनों के विस्तार को भी नई दिशा मिलेगी।
