


भागलपुर : पीरपैंती थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब खेत में काम कर रहे एक युवक की बिजली के करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय विपिन मंडल के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय रघुनाथ मंडल का पुत्र था।
विपिन मंडल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बताया गया कि वह रोज की तरह खेत में काम कर रहा था, तभी खेत में फैले बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पिरपैती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और ग्रामीणों की आंखें नम हैं।
इस हादसे के बाद बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि खेतों में फैले खतरनाक बिजली तारों की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।












