



नवगछिया के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के जनता दल (यूनाइटेड) विधायक शैलेश कुमार उर्फ बूलो मंडल ने जनसरोकार का परिचय देते हुए कोसी नदी में हो रहे कटाव की सूचना मिलते ही त्वरित पहल की। बुधवार को वे नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत नवगछिया प्रखंड की पुनमा प्रतापनगर पंचायत के ग्राम कोरच्चका पहुंचे, जहां कोसी नदी के तेज कटाव से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

विधायक शैलेश मंडल जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की टीम के साथ कटाव स्थल पर पहुंचे और स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ कटाव की गंभीरता और उसके स्थायी समाधान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग की।

विधायक ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि कटावरोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द से जल्द ठोस तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
क्षेत्रवासियों के अपार स्नेह और समर्थन से अभिभूत विधायक शैलेश मंडल ने कहा कि नेता वही होता है जिसे जनता स्वीकार करे। लोकतंत्र में राजनीति का उद्देश्य सत्ता प्राप्ति नहीं, बल्कि जनसेवा और जनसरोकार होना चाहिए। विधायक की इस सक्रियता से ग्रामीणों में राहत और विश्वास का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही कोसी नदी के कटाव से निजात मिलेगी और उनका घर-बार सुरक्षित रह सकेगा।













