4.5
(2)

घटना से दोनों परिवारों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

नवगछिया। भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जयरामपुर-भ्रमरपुर ढाला के उत्तर, गुवारीडीह सुलेश गेट के समीप कोसी नदी में रविवार को स्नान करने गए दो किशोर नदी की गहराई में डूब गए। दोनों किशोरों की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के भ्रमरपुर वार्ड संख्या 12 निवासी पिंटू चौरसिया के पुत्र दिलखुश कुमार (उम्र 15 वर्ष) और खगड़िया जिला के गोगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशखूंट बिचली टोला निवासी बाल्मीकि चौरसिया के पुत्र राहुल कुमार (उम्र 14 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है जब दोनों किशोर साइकिल से घर से निकले थे। परिजनों को देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद खोजबीन शुरू हुई। सोमवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों को जयरामपुर-भ्रमरपुर कोसी घाट के समीप एक साइकिल, कपड़े (टी-शर्ट, पैंट) और दो जोड़ी चप्पल संदिग्ध अवस्था में मिले। सूचना पाकर परिजन पहुंचे और कपड़े व साइकिल को पहचान कर शिनाख्त की।

मृतक दिलखुश चार बहनों में अकेला भाई था और दसवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता पिंटू चौरसिया परदेस में रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं राहुल दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था और नवमी कक्षा में पढ़ता था। वह गर्मी की छुट्टियों में अपने नाना सुबोध मोदी के घर भ्रमरपुर आया हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना एवं नदी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा एसडीआरएफ टीम की सहायता से शव की तलाश में जुट गई। खबर लिखे जाने तक दोनों शवों की खोज जारी थी।

घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है। दिलखुश की मां बंदना देवी, पिता पिंटू चौरसिया और चारों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं राहुल की मां नूतन देवी, भाई-बहन, नाना-नानी और मामा गुलशन कुमार सभी बदहवास हैं।

भवानीपुर थानाध्यक्ष अवर निरीक्षक महेश कुमार ने बताया कि दोनों किशोर कोसी नदी में स्नान के दौरान डूब गए हैं। रविवार रात परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शवों की बरामदगी के बाद पोस्टमार्टम कराकर सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।..

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: