



नवगछिया। कुख्यात अपराधी छोटू यादव के गिरोह से जुड़े सक्रिय अपराधकर्मी रंजन यादव उर्फ रंजा को गोपालपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी का लूट, डकैती, हत्या, रंगदारी तथा शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिनांक 22 दिसंबर 2025 को रात्रि लगभग 10:10 बजे गोपालपुर थाना को गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी रंजन यादव उर्फ रंजा अपने वासा में अवैध हथियार के साथ सोया हुआ है। सूचना की सत्यता जांचने एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित विशेष टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम लतरा स्थित रंजन यादव उर्फ रंजा के वासा पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद करते हुए कुख्यात अपराधी रंजन यादव उर्फ रंजा, पिता बिजेन्द्र यादव उर्फ बिजो, निवासी ग्राम लतरा, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में गोपालपुर थाना कांड संख्या 383/25, दिनांक 23 दिसंबर 2025 को धारा 25(1-बी) ए/26 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
रंजन यादव उर्फ रंजा, पिता बिजेन्द्र यादव उर्फ बिजो, निवासी ग्राम लतरा, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर।

रंजन यादव उर्फ रंजा का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी एवं आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें गोपालपुर, रंगरा, चौसा, नवगछिया एवं बिहपुर थाना अंतर्गत दर्ज हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, आर्म्स एक्ट तथा विस्फोटक अधिनियम से संबंधित कई कांड शामिल हैं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी अभियान जारी है।














