



पूरे विस क्षेत्र के जनता और कार्यकर्ताओं में बढ़ी उम्मीद
नवगछिया । बिहपुर विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार और लगातार दूसरी बार विजयी हुए इंजीनियर कुमार शैलेंद्र को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की मांग पूरे क्षेत्र में तेजी से उठ रही है। स्थानीय लोगों से लेकर राजनीतिक कार्यकर्ताओं तक, सभी का कहना है कि इस बार बिहपुर को मंत्री पद के रूप में उसका सम्मान मिलना चाहिए।

नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम और जयरामपुर निवासी, साथ ही बिहपुर मंडल भाजपा के पूर्व महामंत्री राजकिशोर सिंह राजेश ने बताया कि क्षेत्र की आम जनता इंजीनियर शैलेंद्र को मंत्री बनाए जाने की जोरदार मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि शैलेंद्र की छवि एक ईमानदार नेता और कुशल संगठनकर्ता के रूप में पूरे क्षेत्र में जानी जाती है। चुनाव प्रचार के दौरान जब कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से मिल रहे थे, तो मतदाताओं में यह उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था कि वे इस बार सिर्फ विधायक ही नहीं, बल्कि भावी मंत्री का भी चयन कर रहे हैं।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव के दौरान विरोधी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी थी ताकि इंजीनियर शैलेंद्र को हराया जा सके, लेकिन उन्होंने अपने संगठन कौशल और कार्यकर्ताओं के सहयोग से विरोधियों की हर रणनीति को विफल कर दिया और विपरीत परिस्थितियों में भी भारी बहुमत से जीत हासिल की। बता दें कि बिहपुर विधानसभा में अब तक कोई भी उम्मीदवार इतने बड़े अंतर से नहीं जीता है, जिससे जनता की उम्मीदें और ज्यादा बढ़ गई हैं।
बिहपुर ही नहीं, बल्कि पूरे भागलपुर जिले में यह मांग जोर पकड़ चुकी है कि इंजीनियर शैलेंद्र को मंत्री पद देकर क्षेत्र की जनता का सम्मान बढ़ाया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार मजबूत जनाधार के साथ जीतने वाले नेता को राज्य सरकार में शामिल किए जाने से विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा बिहपुर का प्रतिनिधित्व राज्य स्तर पर और प्रभावी होगा।
















