



नवगछिया । शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में बिहपुर प्रखंड क्षेत्र के लत्तीपुर स्थित ऐतिहासिक रेलवे दुर्गा मंदिर को भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर परिसर में रंग-बिरंगे कपड़े, फूल-मालाएँ, विद्युत झालड़ और रोशनी से मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। देवी मां की प्रतिमा को अंतिम रूप देने का कार्य भी तेजी से जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1962 में तत्कालीन रेलवे पदाधिकारी एवं स्टेशन मास्टर के द्वारा की गई थी। तब से यहां परंपरागत रूप से प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है। मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश नारायण उर्फ मोहन यादव, सचिव रविंद्र नाथ ठाकुर और उपाध्यक्ष हिटलर यादव ने बताया कि यह मंदिर क्षेत्र का प्राचीन धार्मिक स्थल है और यहां विशेष रूप से वैदिक पूजा पद्धति के अनुसार अनुष्ठान संपन्न कराया जाता है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार भी भव्य और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है। पूजा-अर्चना से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक हर गतिविधि को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई गई है। स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों का भरपूर सहयोग भी मिल रहा है।
पूजा समिति के अनुसार प्रधान पुजारी राजेश कुमार ठाकुर, श्रवण यादव, विकास कुमार, राजीव यादव, रंजीत ठाकुर समेत अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्य कर रहे हैं। आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम आरती, संकीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं नवमी और विजयादशमी के दिन विशेष भीड़ उमड़ने की संभावना है।
स्थानीय लोग मंदिर की सजावट और व्यवस्था को लेकर काफी उत्साहित हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। समिति ने आम श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूजा-अर्चना में शामिल होकर धर्म और आस्था के इस महापर्व को सफल बनाने में मदद करें।













