



भागलपुर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर मंगलवार को यूनिटी मार्च निकाला गया। यह मार्च टीएनबी कॉलेजिएट मैदान से शुरू होकर बुढ़ानाथ पार्क में समाप्त हुआ। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

मार्च के दौरान विद्यार्थियों ने “एकता में ही शक्ति है” जैसे संदेशों वाले पोस्टर और बैनर प्रदर्शित किए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई और आजादी के बाद देशी रियासतों को भारत संघ में विलय करवाकर देश को एक इकाई के रूप में स्थापित किया, जो इतिहास का एक बड़ा अध्याय है।
वक्ताओं ने उपस्थित लोगों को सरदार पटेल के विचारों—राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देशहित—को आगे बढ़ाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य लोगों को राष्ट्रनिर्माण में सामूहिक प्रयासों की महत्ता से अवगत कराना था। यूनिटी मार्च ने शहर में आपसी भाईचारे और एकजुटता का संदेश मजबूती से स्थापित किया।














