



नवगछिया। सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निभाते हुए लायंस क्लब नवगछिया टाउन की ओर से मुमताज मुहल्ला स्थित क्लब सदस्य लायन सैयद अहमद उर्फ मुन्ना हाजी के निवास पर जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल सौ कंबल वितरित किए गए, जिससे ठंड के मौसम में जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब नवगछिया टाउन के अध्यक्ष लायन विनोद कुमार चिरानियां ने की, जबकि संचालन का दायित्व क्लब सचिव लायन प्रवीण कुमार केजरीवाल ने निभाया। कंबल वितरण कार्यक्रम के संयोजक लायन सैयद अहमद और मुन्ना हाजी थे, जिनके प्रयास से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर उपस्थित डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर लायन पवन कुमार सर्राफ, लायन अजय कुमार रुंगटा एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य सचिदानंद सिंह ने कहा कि लायंस क्लब के आदर्श वाक्य सेवा परमोधर्म के अंतर्गत मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना ही लायंस क्लब का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन कमलेश कुमार अग्रवाल, डॉ. बी.एल. चौधरी, सुरेंद्र कुमार चौधरी, मनोज कुमार सर्राफ, गोपाल तांती, बिनोद, चंद्रगुप्त गुप्ता, डॉ. गोपाल भारती सहित अनेक समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने कंबल वितरण में सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में लायन सैयद अहमद उर्फ मुन्ना हाजी ने सभी अतिथियों, क्लब पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी, जिससे आयोजन की सार्थकता सिद्ध हुई।














