



भागलपुर। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक चोर को स्कूटी चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। घटना उस समय हुई जब एक व्यक्ति अपनी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर पास की एक दुकान में गया था। इसी दौरान एक युवक मौके का फायदा उठाकर स्कूटी स्टार्ट करने की कोशिश करने लगा।

स्थानीय लोगों को उसकी हरकतों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान ही स्कूटी का असली मालिक भी वहां पहुंच गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि युवक चोरी की नीयत से स्कूटी ले जाने की कोशिश कर रहा था।
घटना से नाराज़ लोगों ने आरोपी युवक को पास के एक खंभे से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस बीच स्कूटी मालिक ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस आरोपी को लोदीपुर थाना लेकर गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।













