



नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरनाथचक गांव में एक दर्दनाक घरेलू हादसे में 4 वर्षीय जूही कुमारी पिता – नवीन यादव गर्म पानी से गंभीर रूप से झुलस गई। जूही अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटी है। यह हादसा उस समय हुआ जब उसकी मां गर्म पानी लेकर आ रही थीं और अचानक जूही पास आकर उनसे लिपट गई, जिससे उनके हाथ से गर्म पानी का बर्तन छूट गया और उबलता पानी जूही के शरीर पर गिर गया।

इस हादसे में जूही के सिर से लेकर पैर तक शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। घटना के बाद परिजनों ने पहले घरेलू उपचार किया, लेकिन बच्ची की हालत बिगड़ती देख तुरंत उसे नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज लगातार जारी है।

जूही के पिता नवीन यादव ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के समय वे काम पर गए हुए थे। परिजनों से सूचना मिलने पर वे तुरंत घर पहुंचे और बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की निगरानी में जूही का उपचार चल रहा है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

परिवार के लोगों का कहना है कि यह एक पूरी तरह से दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है, लेकिन इस घटना ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया है। पड़ोसी और रिश्तेदार लगातार बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण बच्ची की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, हालांकि उसे अभी विशेष देखभाल की आवश्यकता है।












