


भागलपुर। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव स्थित शीतला स्थान के समीप एक बगीचे के कुएं से युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कुएं से उठ रही दुर्गंध के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के भीमकित्ता निवासी सुरेश यादव के पुत्र अजय यादव (35 वर्ष) के रूप में की गई है। मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि अजय रविवार की शाम घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन विवाद के चलते अजय की हत्या की गई है।
वहीं नगर डीएसपी राकेश कुमार ने पुष्टि की कि अजय यादव का शव कुएं से बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल एफएसएल की टीम और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।















