



रंगरा पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के मसुदनपुर बैसी में मंगलवार आधी रात को अज्ञात अपराधियों ने 60 वर्षीय शैलेंद्र मंडल की धारदार हथियार (गरासा) से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक शैलेंद्र मंडल, पिता स्व. मंगल मंडल, वार्ड संख्या-9, मसुदनपुर बैसी निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र मंडल साधोपुर-बैसी रोड स्थित बासा पर दो साल पहले नया घर बनाकर रह रहे थे। घटना की रात करीब 9 बजे उन्होंने घर में खाना खाया और बासा पर सोने चले गए। पुराने घर से नया घर लगभग 1500 मीटर की दूरी पर है। बुधवार सुबह करीब 6 बजे जब शैलेंद्र मंडल नहीं उठे, तो ग्रामीण और मवेशी पालक चाहरदीवारी के अंदर गए। वहां उन्होंने देखा कि बांस के बने मचान पर शैलेंद्र मंडल खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे।

आरोप है कि अपराधियों ने आधी रात को सोए हुए शैलेंद्र पर धारदार हथियार से तीन प्रहार किए, जिसमें गर्दन और चेहरे पर गहरे जख्म आए। घटनास्थल पर देखकर लगता है कि उन्हें दबिया या गरासा से मारा गया।
ग्रामीणों की सूचना पर रंगरा थानाध्यक्ष पुनि विश्वबंधु कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना को लेकर ग्रामीण और परीजन में भारी आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह सैकड़ों लोग पोस्टमार्टम के लिए शव को ले जाने से रोकने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा गांव में स्थायी पुलिस कैंप स्थापित करने की मांग की।
सूचना मिलने पर नवगछिया एसडीपीओ ओम प्रकाश और गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून से सनी मिट्टी और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए। एसडीपीओ ने ग्रामीणों और परीजन से घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

सूत्रों के अनुसार, तीन दिन पहले रुपये के लेन-देन को लेकर साधोपुर के एक व्यक्ति से शैलेंद्र मंडल का विवाद हुआ था। मृतक खेतीबारी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और जरूरतमंदों को ब्याज पर रुपये देते थे। शैलेंद्र मंडल के दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनमें से बड़ा पुत्र हुलास मंडल और छोटा पुत्र विलास मंडल पंजाब में ठेकेदारी का काम करते हैं। तीन साल पहले उनकी पत्नी पदमा देवी का निधन हो गया था। घटना के दिन छोटा पुत्र पुराने घर पर मौजूद था, जबकि बड़ा पुत्र पंजाब में था।
रंगरा थानाध्यक्ष पुनि विश्वबंधु कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा धारदार हथियार से वृद्ध की हत्या की गई है। शव पोस्टमार्टम के बाद परीजन को सौंप दिया गया। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और जल्द ही कांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस घटना ने पूरे गांव में कोहराम मचा दिया है। घरवालों और ग्रामीणों में रोष और शोक का माहौल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि अपराधियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाया जा सके।
















