


भागलपुर। मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशीबाग कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर में घुसकर दो बैटरी, एक इनवर्टर तथा किचन में रखे बर्तन समेत करीब 60 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली।
पीड़ित गृहस्वामी विकास कुमार ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर वे अपने पुराने घर नाथनगर थाना क्षेत्र के कुंडी टोला गांव गए हुए थे। इसी दौरान उनका गणेशीबाग स्थित घर पूरी तरह बंद और खाली था। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने बगल की चारदीवारी पर चढ़कर कटिया तार काटा और मुख्य गेट पर लगे ताले को तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया।
चोरों ने पहले घर के बाहर रखी दो बैटरियां और एक इनवर्टर चुराया, इसके बाद किचन का ताला तोड़कर वहां रखे बर्तन भी अपने साथ ले गए। आज सुबह जब विकास कुमार अपने घर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य गेट और किचन का ताला टूटा हुआ पाया, जिसके बाद चोरी की जानकारी मिली।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा मधुसुदनपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस चोरी की घटना के बाद गणेशीबाग कॉलोनी में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।












