


नवगछिया: नवगछिया के मदरौनी चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर बुधवार को दिन के लगभग 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक ही बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया है, जिनमें से एक युवक की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रंगरा थाना क्षेत्र के चापर गांव निवासी तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मदरौनी हाई स्कूल एडमिट कार्ड लेने जा रहे थे। इसी दौरान मदरौनी चौक के समीप एनएच-31 पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान 1. अनुपम कुमार, पिता ललन मंडल, निवासी परबत्ता; 2. सोनू कुमार, पिता श्रवण दास, निवासी चापर दियारा; तथा 3. दिलखुश कुमार, पिता प्रमोद मंडल, उम्र लगभग 13 वर्ष, निवासी चापर दियारा के रूप में की गई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों द्वारा इसकी पुलिस को सूचना दी गयी । मौके पर रंगरा थाना प्रभारी विश्व बंधु अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और अपनें व अन्य वाहन से तीनों घायलों को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
अनुमंडलीय अस्पताल में एक साथ तीन गंभीर घायलों के पहुंचते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की। अनुमंडलीय अस्पताल के प्रबंधक जितेंद्र कुमार द्वारा चार चिकित्सकों को तत्काल प्राथमिक उपचार में लगाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-31 पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।













