4
(1)

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज स्तरीय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को दूसरा सेमीफाइनल भागलपुर बनाम मगध प्रमंडल के बीच खेला गया।

मगध प्रमंडल ने टॉस हारकर भी बेहतरीन बल्लेबाजी की शुरुआत की। भागलपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, लेकिन शुरुआती पांच ओवरों में ही मगध प्रमंडल ने 50 रन जोड़ दिए। एक समय टीम के 150 से 200 रन तक पहुंचने की संभावना दिखाई दे रही थी, लेकिन भागलपुर के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। निर्धारित 20 ओवरों में मगध प्रमंडल की पूरी टीम 133 रन पर आउट हो गई। भागलपुर की ओर से विराज ने 4 ओवर में 3 विकेट और आरव ने 2 विकेट लिए।

मगध प्रमंडल की ओर से आदर्श राज ने 23 गेंद में 31 रन (5 चौके) की शानदार पारी खेली, जबकि आयुष कुमार ने 15 गेंदों पर 24 रन (3 चौके) का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भागलपुर टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर अनय सिंह 10 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे ओपनर रितेश कुमार ने 21 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 18 रन बनाए और टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन वे भी रन आउट हो गए। लगातार ओवरों में तीन बल्लेबाजों के रन आउट होने से भागलपुर की पारी दबाव में आ गई।

मगध प्रमंडल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन किया। बेहतरीन कैच और तीन रन आउट ने भागलपुर के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया। गेंदबाजों ने भी लगातार अंतराल पर विकेट लेकर भागलपुर की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर सिर्फ 88 रन ही बना सकी।

इस तरह मगध प्रमंडल ने 45 रनों से बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। फाइनल मुकाबला कल पूर्वाह्न 9 बजे तिरहुत प्रमंडल के खिलाफ खेला जाएगा। मैच की जानकारी जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार द्वारा दी गई। पुरस्कार वितरण समारोह कल अपराह्न 1 बजे आयोजित होगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: