



भागलपुर के सुलतानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिल्दौरी गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां सगे भाई ने अपने ही भाई के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना बीती रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान जितेंद्र कुमार शाह के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कुमार शाह अपनी पत्नी के साथ घर में रहते हैं। उनका आरोप है कि उनके दोनों बड़े भाई सुनील शाह और रंजीत शाह ने अपनी मां के साथ मिलकर पैतृक संपत्ति को बेच दिया। जिन लोगों को जमीन बेची गई है, उन्होंने अब तक न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई है और न ही पूरी राशि का भुगतान किया है। इस कारण जमीन खरीदने वाले लोग आए दिन जितेंद्र कुमार शाह को धमकाते रहते हैं।
घायल जितेंद्र ने बताया कि उनके घर से बहने वाले पानी का निकास बड़े भाई के घर की ओर जाने को लेकर पहले भी विवाद होता रहा है। इसी बात को लेकर बीती रात मामूली कहासुनी हुई थी, जो उस समय शांत हो गई। लेकिन आरोप है कि इसके बाद दोनों बड़े भाइयों सुनील शाह और रंजीत शाह ने भाड़े पर अपने कुछ दोस्तों को बुलाया।

देर रात करीब तीन बजे आरोपियों ने जबरन जितेंद्र के घर में घुसकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। जितेंद्र का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी भाई ने उनके मुंह में पिस्टल घुसाकर जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया।
परिजनों की मदद से घायल को तुरंत मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस पूरे मामले को लेकर घायल जितेंद्र कुमार शाह ने सुलतानगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।













