


भागलपुर के उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने मॉडल सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम मरीज की तरह स्वयं रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पंजीकरण कराया और पर्ची लेकर दंत विभाग के ओपीडी पहुंचे। उनकी मौजूदगी में चिकित्सक द्वारा मरीज का उपचार किया गया। इसके उपरांत वे दवा वितरण काउंटर पर पहुंचे और वहां दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी जांच की।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने रोगी पंजीकरण काउंटर से लेकर जीविका रसोई तक अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण करते हुए मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सीय सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद उप विकास आयुक्त ने कहा कि मॉडल सदर अस्पताल में कुल मिलाकर स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक पाई गई हैं। सरकार की ओर से मरीजों को मिलने वाली आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था अस्पताल में उपलब्ध है, जिससे आम लोगों को राहत मिल रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि निरीक्षण के दौरान रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में मरीजों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रणाली में कुछ मरीजों को दिक्कतें आती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि मरीजों को पंजीकरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मॉडल सदर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. राजू, अस्पताल प्रबंधक आशुतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक एवं अस्पतालकर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।












