



भागलपुर। बुधवार को भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में भागलपुर सांसद, विधायक, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने जानकारी दी कि राजनीतिक दलों द्वारा मतदान केंद्रों के युक्तिकरण को लेकर जो प्रस्ताव दिए गए हैं, उन पर विचार किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा प्रपत्र भरवाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ वार्ड पार्षद, नगर आयुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी बीएलओ सुपरवाइजर एवं सभी अनुमंडल पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से भी बैठक में शामिल हुए।













