



भागलपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में मतदान संपन्न कराने और जिले में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भागलपुर में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत “भास्कर महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को छठ पर्व के अवसर पर विशेष रूप से मतदाता जागरूकता से जोड़ा गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।
महोत्सव में स्थानीय कलाकारों ने छठ पर्व की महत्ता पर आधारित विभिन्न गीतों और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे वहां मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल दिखा। कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं को अपने मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।


इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित अधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छठ पर्व आस्था, संयम और साधना का प्रतीक है, जिसे चार दिनों तक अत्यंत श्रद्धा के साथ मनाया जाता है—पहला दिन नहाय-खाय, दूसरा दिन खरना, तीसरा दिन संध्या अर्घ्य और चौथा दिन प्रातः अर्घ्य। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने स्वयं दो वर्षों तक छठ पर्व मनाया है और इस पर्व से जुड़ी भावनाओं को बखूबी समझते हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने भागलपुर जिले के सभी मतदाताओं से 11 नवंबर को अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर मतदान अवश्य करने की अपील की, ताकि लोकतंत्र को मजबूती मिल सके।















