



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत मिरहट्टी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय यादव टोला का भवन जर्जर होने के कारण विद्यालय को मिरहट्टी मध्य विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया है। इस स्थानांतरण के बाद दोनों विद्यालयों के शिक्षकों के बीच आपसी तालमेल की कमी से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
मध्य विद्यालय मिरहट्टी के प्रधानाध्यापक दयानंद दास ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय यादव टोला के शिक्षक – अमीतांशु कुमारी, रूपेश कुमार वर्मा, रामवीर कुमार, रितेश कुमार, प्रमोद कुमार और डेजी कुमारी – बीते दो महीनों (मई और जून) से शैक्षणिक गतिविधियों में लापरवाही बरत रहे थे। इसके चलते ग्रामीणों की शिकायत पर सभी शिक्षकों को विद्यालय परिसर से बाहर कर दिया गया।

वहीं, प्राथमिक विद्यालय यादव टोला की प्रधानाध्यापिका अमीतांशु कुमारी ने आरोप लगाया कि 10 मई 2025 को सभी शिक्षक नियमित रूप से कक्षाओं में पढ़ाई करवा रहे थे, तभी मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक दयानंद दास ने “पार्टीका” नहीं लाने का हवाला देते हुए सभी को कक्षा से बाहर कर दिया और तरह-तरह से प्रताड़ित किया।
उन्होंने आगे बताया कि 1 जून से 22 जून 2025 तक विद्यालय में गर्मी की छुट्टियां थीं और 30 जून को पूरे मामले की शिकायत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेखा भारती से की गई। इसके बाद शिक्षकों को बीआरसी में योगदान देने का निर्देश मिला है।













