



नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी गांव में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक 26 वर्षीय विधवा महिला मोनी देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव का ही युवक प्रकाश मंडल गलत इरादे से महिला से मोबाइल नंबर मांग रहा था। जब महिला ने नंबर देने से इनकार किया और विरोध किया तो आरोपी ने गांव की एक दुकान पर उसके सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें गोपालपुर थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर मिथलेश कुमार, दरोगा कृष्ण कन्हैया, रसनदेव पासवान, शिवानंद साहनी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दियारा क्षेत्र में छापेमारी कर हत्या के महज दो घंटे के अंदर ही आरोपी प्रकाश मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की सास विमला देवी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटना के बाद से तिनटंगा करारी गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से स्पीडी ट्रायल के तहत आरोपी को जल्द सजा दिलाने की मांग की है।















