



भागलपुर में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर सदर अनुमंडल कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने की। इस अवसर पर सिटी डीएसपी अजय चौधरी, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मोहर्रम के मौके पर निकलने वाले ताजिया जुलूस की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण तथा संभावित संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

एसडीओ विकास कुमार ने कहा कि मोहर्रम एक महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है जिसे आपसी भाईचारे और पारंपरिक तरीके से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह, अफरा-तफरी या भड़काऊ गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
वहीं सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने शांति समिति के सदस्यों से सामुदायिक सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से मजबूत और सतर्क रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर संभावित स्थान पर अलर्ट मोड में रहेगी।
प्रशासन की ओर से सभी धर्मों और समुदायों के लोगों से आग्रह किया गया कि मोहर्रम को शांति, सद्भाव और परंपरा के अनुरूप मनाएं, जिससे जिले में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल बनी रहे।













