


प्रेम सागर डब्लू यादव जिंदाबाद के भी लगते रहे नारे
नवगछिया। विकाशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी के स्वागत में मंगलवार को नवगछिया की सड़कों पर अद्वितीय नज़ारा देखने को मिला। एनएच 31 खरीक टोल प्लाजा से लेकर मारवाड़ी धर्मशाला तक का पूरा मार्ग फूलों, नारों और उत्साह से सराबोर रहा। स्वागत जुलूस के दौरान दर्जनों स्थानों पर हाथों में मालाएं और गुलदस्ते लिए सैकड़ों लोग खड़े नजर आए। जैसे ही वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का काफिला पहुंचा, “जिंदाबाद-जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा और समर्थकों ने फूलों की बारिश कर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत जुलूस की शुरुआत खरीक टोल प्लाजा से हुई, जहां से 200 की संख्या में गाड़ियां और हजारों समर्थकों का हुजूम नवगछिया की ओर बढ़ा। रास्ते में एसपी कोठी, सोनी डेयरी, नवगछिया स्टेशन चौक, वैशाली चौक और महाराज जी चौक पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। हर स्थान पर लोग कतार में खड़े होकर वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को मालाएं पहनाते और गुलदस्ते भेंट करते रहे।
नवगछिया एचडीएफसी बैंक और आसपास के क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। जैसे ही काफिला वहां पहुंचा, स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मारवाड़ी धर्मशाला के द्वार पर सैकड़ों की भीड़ पहले से मौजूद थी, जिन्होंने माला, फूल और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम स्थल पर माहौल और भी जोशीला हो गया, जब हजारों की संख्या में लोग सभा में पहुंचे। यहां मौजूद लोगों ने न केवल वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का उत्साहवर्धन किया, बल्कि पार्टी की मजबूती और एकजुटता का प्रदर्शन भी किया। सभा को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं उमेश मंडल, दिलीप यादव, राजेंद्र ठाकुर और अजित विद्रोही ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने प्रेम सागर उर्फ़ डब्लू यादव के नेतृत्व की सराहना की और उन्हें क्षेत्र के लिए समर्पित बताया।
स्थानीय लोगों का कहना था कि इतने बड़े पैमाने पर स्वागत कार्यक्रम पहले कभी नहीं देखा गया। जगह-जगह हुई फूलों की बारिश, लगातार गूंजते नारे और कार्यकर्ताओं का उत्साह यह साबित कर रहा था कि डब्लू यादव का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।












