



भागलपुर। मुख्यमंत्री बालिका कैंसर प्रतिरक्षण योजना के अंतर्गत भागलपुर जिले में 9 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की 1885 छात्राओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका सफलतापूर्वक दिया गया। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित माना जाता है।

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. धनंजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 अगस्त 2025 को जिले के रंगरा, नवगछिया, नाथनगर, पीरपैंती, सन्हौल, कहलगांव, गोराडीह, सबौर के एक-एक चयनित विद्यालयों में तथा शहरी क्षेत्र के दो विद्यालयों में छात्राओं को यह टीका दिया जाएगा।

इस अभियान में यूनिसेफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) एवं यूएनडीपी जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। डॉ. कुमार ने बताया कि एचपीवी का यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है और इसे विशेषज्ञों की निगरानी में लगाया जा रहा है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बच्चियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें और 9 से 14 वर्ष की आयु की छात्राओं को एचपीवी का टीका अवश्य दिलवाएं। यह पहल न केवल वर्तमान में उनकी रक्षा करेगी, बल्कि भविष्य में होने वाले गंभीर रोगों से भी बचाव करेगी।















