


नवगछिया: भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री मुकेश राणा ने मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत तय समय सीमा में लाभार्थियों को पेंशन का लाभ दिलाने और लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन की मांग को लेकर पिछले दिनों बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यालय से पत्राचार के माध्यम से अनुरोध किया था।
मुकेश राणा द्वारा किए गए इस पत्राचार पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले को समाज कल्याण विभाग को निदान के लिए निर्देशित कर दिया है। इस संबंध में बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पत्र के माध्यम से मुकेश राणा को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
बताया गया कि मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना से जुड़े कई आवेदन लंबे समय से लंबित हैं, जिसके कारण पात्र वृद्धजनों को समय पर पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुकेश राणा ने मुख्यमंत्री कार्यालय से आग्रह किया था कि लंबित आवेदनों के निष्पादन के लिए स्पष्ट समय सीमा तय की जाए और पात्र लाभार्थियों को शीघ्र पेंशन योजना का लाभ दिया जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए जाने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि वृद्धजनों से जुड़े लंबित मामलों का जल्द समाधान होगा। इस पहल से क्षेत्र के सैकड़ों बुजुर्गों को राहत मिलने की संभावना है।
इस संबंध में मुकेश राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना गरीब और जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज कल्याण विभाग इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करेगा और सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन कर पात्र लोगों को समय पर पेंशन का लाभ दिलाया जाएगा।
फिलहाल समाज कल्याण विभाग द्वारा मामले की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।












