



भागलपुर : सोमवार की सुबह खगड़िया जिला के सतीशनगर और नारायणपुर के बीच एनएच-31 पर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक ट्रक के चालक और उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल चालक की पहचान बांका जिला के रजौन थाना क्षेत्र के नवादा गोपालपुर बस्ती निवासी दीपक यादव के 21 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। वहीं उपचालक उसी गांव के रामदेव यादव के पुत्र 24 वर्षीय अंकज कुमार के रूप में चिन्हित किया गया है।
दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से नारायणपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक मनीष कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में उपचालक अंकज कुमार ने बताया कि वे झारखंड से गिट्टी लदे ट्रक को खगड़िया की ओर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रक के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद पसराहा थाना की टीम मौके पर पहुंची और दूसरे ट्रक के चालक को भी घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र हादसों के लिहाज से संवेदनशील है और यहां सड़कों की चौड़ाई और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल चालक और उपचालक का इलाज जारी है।














