



भागलपुर जिले के एकचारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी मोहनपुर बहियार में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नदी से जानवर को बचाने गए एक बुजुर्ग चरवाहे की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान बड़ी मोहनपुर बहियार निवासी स्वर्गीय लखन मंडल के पुत्र गुरुचरण मंडल (70) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह गुरुचरण मंडल अपने मवेशियों को चारा खिलाने बहियार ले गए थे। इस दौरान एक जानवर नदी में चला गया। जानवर को बचाने के लिए उन्होंने नदी में छलांग लगा दी, लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए और डूब गए।

घटना देख रहे स्थानीय चरवाहों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रयास कर शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एकचारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

भतीजे सुदीन मंडल ने बताया कि गुरुचरण मंडल रोज की तरह जानवर चराने गए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि घर की आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब थी और अब यह घटना परिवार को पूरी तरह तोड़ गई है।
पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।












