0
(0)

भागलपुर। नगर निगम की स्थायी समिति बोर्ड और सामान्य बोर्ड के विरोध में शनिवार को भागलपुर में एक दिवसीय सामूहिक भूख हड़ताल का आयोजन किया गया। यह भूख हड़ताल वार्ड संख्या 13 के पार्षद रंजीत मंडल के नेतृत्व में की गई, जिसमें परवर्ती क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मेयर वसुंधरा लाल दे पर वार्ड संख्या 13 की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

पार्षद रंजीत मंडल ने कहा कि मेयर द्वारा वार्ड 13 में विकास कार्यों के प्रति कोई रुचि नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी वार्ड पार्षद अपने स्तर से किसी विकास कार्य को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं, तो मेयर द्वारा उसका विरोध किया जाता है। इसके कारण वार्ड में सभी विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं और जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।

पार्षद ने यह भी बताया कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर मेयर से संवाद स्थापित करने की कोशिश की, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मेयर ने परवर्ती क्षेत्र को अपना “मायका” बताते हुए यहां सबसे अधिक विकास कराने का वादा किया था, लेकिन अब वह वादा केवल बयान तक सीमित रह गया है।

भूख हड़ताल पर बैठे लोगों ने मांग की कि वार्ड संख्या 13 में विकास कार्यों को बिना किसी बाधा के अविलंब शुरू किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने भी वार्ड में लंबे समय से विकास कार्य ठप रहने पर नाराजगी जताई और नगर निगम प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: